सरवर खान ज़रीवाला, भोपाल, NIT;
मध्य प्रदेश व्यापम भर्ती घोटाले पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने 500 से अधिक छात्रों के एडमिशन रद्द कर दिए हैं। ये वो छात्र हैं जिन्हें 2008 से 2012 के बीच एमबीबीएस कोर्स में एडमिशन दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने इन सभी एडमिशन को नियमों के विरुद्ध मानते हुए ये फैसला सुनाया है। इस केस में सुप्रीम कोर्ट ने कुल 634 छात्रों के एडमिशन रद्द किए हैं।
मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कोर्ट ने सभी छात्रों को राहत देने से इंकार करते हुए हाईकोर्ट का फैसला बरकरार रखा है। सुप्रीम कोर्ट को यह तय करना था कि सामूहिक नकल के दोषी 634 छात्रों को राहत दी जाए या नहीं। व्यापम में सामूहिक नकल की बात सामने आने पर 2008-2012 बैच के छात्रों के एडमिशन रद्द कर दिए गए थे। इसके बाद सभी छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में दखल देने की अपील की थी।
हाल ही में सीबीआई ने इस घोटाले से जुड़े 125 में से 80 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीबीआई की मानें तो आरोपियों के कई तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ भी की गई थी, जिसके बाद केस को वर्कआउट करने के लिए सीबीआई ने अमेरिकी खुफिया एजेंसी की मदद ली थी।
