राहुल यादव, जौनपुर (यूपी), NIT;
बक्शा थाना क्षेत्र के सद्दोपुर गांव में जमीनी विवाद में पहुंचे दारोगा पर एक पक्ष ने लाठी डंडे से हमला कर सिर फोड़ दिया। घायल दारोगा ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित सरकारी कार्य में बाधा डालने के अलावा कई संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया है।
उक्त गांव निवासी अभयराज यादव एवं पूर्व प्रधान सुभाष यादव के बीच जमीन का विवाद चला आ रहा है। बुधवार की सुबह अभयराज के पुराने घर की मिट्टी को समतल कर सुभाष का पक्ष फावड़े से रास्ता बना रहा था। अभयराज रोकने पहुंचे तो दूसरा पक्ष गाली गलौच करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया। अभयराज 100 नम्बर पर सूचना दिए तो थोड़ी देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। अभयराज का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने के बावजूद उक्त लोग मेरी 19 वर्षीय भतीजी की लात घूसों से पिटाई कर उसके कपड़े फाड़ दिए। पुलिस ने मना की तो 100 नम्बर पुलिस से हाथापाई शुरू कर दिए। मामले की गंभीरता को देख पुलिस टीम घटना की सूचना थानाध्यक्ष अरविन्द यादव को दी। थानाध्यक्ष ने मौके पर पुलिस टीम के साथ उपनिरीक्षक रामबालक को भेज दिया। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने चलने के लिए कहकर पकड़ना शुरू किया तो कुछ लोग वीडीओ बनाने लगे। पुलिस ने वीडीओ बनाने पर ऐतराज जताया तो उक्त लोग दारोगा रामबालक से विवाद करने लगे, इस दौरान लाठी से किसी ने दारोगा के सिर पर वारकर दिया। दारोगा जब तक मुड़ते कुछ और लोग लाठी से हमला बोल दिए। घायल दारोगा को उपचार हेतु बक्शा पीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दारोगा ने तहरीर दी की मेला ड्यूटी से थाने पहुंचा तो उक्त घटना की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचा तो उक्त लोग आक्रामक होकर मेरे ऊपर हमला बोल दिए। इस दौरान लक्ष्य कर किसी ने दो फायर भी किया संयोग से बच गया। दारोगा की तहरीर पर पुलिस ने सुभाष यादव, दीपक यादव, शरद कुमार यादव, रत्नेश यादव, गीतेश यादव के खिलाफ 147, 148, 307, 332, 353, 504, 506, 323 आईपीसी के अलावा सेवेन क्रिमिनल एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर वादी अभयराज की तहरीर पर उक्त आरोपियों के अलावा कुल सात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस मौके से सुभाष यादव को गिरफ्तार कर ली है जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।
