शारिफ अंसारी, मुंबई, NIT;
भिवंडी दीवानी न्यायालय में जिला विधि सेवा प्राधिकरण ठाणे व भिवंडी तालुका विधि सेवा समिती के संयुक्त तत्वाधान द्वारा आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में क्रिमिनल शिविर तथा प्रीलिटिगेशन के कई मामलों का निपटारा किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार 11 फरवरी को भिवंडी दीवानी न्यायालय में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कई विवादित मामलों का निपटारा किया गया। जिसमें क्रिमिनल के 70 तथा सिविल के 20 मामले आपसी सहमती से निपटाए गए। प्रीलिटिगेशन के 383 मामलों में से 58 मामलों का निपटारा किया गया जिसमें सिंडिकेट बैंक, देना बैंक और भारतीय यूनियन बैंक के मामलों में आपसी सहमती से 64 लाख 61 हजार रुपये की रिकवरी की गई। इसी तरह ग्राम पंचायत क्षेत्र के 618 मामलों का निपटारा आपसी सहमती से किया गया। जिसके तहत 72 लाख 11 हजार 637 रुपये की रिकवरी की गयी। भिवंडी दीवानी न्यायालय में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में सुनवाई करने के लिए माननीय न्यायाधीश ए आई शेख, एच जे पठान एवं आर ए सावंत द्वारा मामलों की सुनवाई की गयी। राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में एडवोकेट वैभव पाटिल, सीनियर एडवोकेट नाना अय्यर, एस एम् पेंदुरे, श्रीमती शर्मीली पडवार, पी पी हटेकर, सचिन भोईर, ए एन पाटिल, आदि का विशेष सहयोग रहा। उक्त जानकारी एडवोकेट अब्दुल बाकी अंसारी ने पत्रकारों को दी।
