संदीप शुक्ला, भिंड/ग्वालियर (मप्र), NIT;
देहात पुलिस ने अवैध शराब के जखीरे की सूचना पर छापामारी कर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर की पेटियां बरामद की है। पकड़ी गई अवैध शराब और बीयर की कीमत तीन लाख 76 हजार रूपये के करीब बताई गई है।
भिण्ड पुलिस अधीक्षक प्रशान्त खरे को मुखबिर से सूचना मिली कि देहात थाना क्षेत्र के मुरलीपुरा गांव के पास खण्डहर में कुछ लोगों ने अवैध रूप से शराब की पेटियां भरकर रखी हुई हैं जो अनाधिकृत रूप से विक्रय कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने सूचना की तस्दीक करने के लिए देहात थाना के प्रभारी निरीक्षक उदयभान सिंह यादव को पुलिस बल के साथ साथ उक्त जगह पर भेजा। थाना प्रभारी ने मुखविर द्वारा बताए गए स्थान की घेराबंदी की तो एक व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, मगर पुलिस बल की घेराबंदी के कारण उक्त व्यक्ति भागने में सफल नहीं हो पाया। पुलिस ने उक्त व्यक्ति को घेरकर पकड़ा और उसका नाम और पता पूछा तो उसने अपना नाम मनोज सिंह पुत्र कोमल सिंह परिहार उम्र 23 वर्ष निवासी बुड़ैरा थाना स्योढ़ा जिला दतिया का होना बताया। पुलिस ने उक्त आरोपी के कब्जे से 62 पेटी अंग्रेजी शराब और 12 पेटी बीयर बरामद करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के मुताबिक शराब और बीयर की मात्रा अनुमानित 607 लीटर के आसपास आंकी गई हैं। पकड़ी गई शराब और बीयर की कीमत तीन लाख 75 हजार 900 के करीब बताई गई है। देहात पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अ.क्र. 234/18 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
उक्त अवैध शराब पकड़ने में निरीक्षक उदयभान सिंह यादव, एएसआई सत्यवीर सिंह व उनकी टीम, एएसआई रघुवीर सिंह, एसआई रत्ना जैन, एसआई बंदना शाक्य, आरक्षकों में सतेन्द्र, जितेन्द्र, भूपेन्द्र, अनिल और चार्लीं पुलिस बल की भूमिका सराहनीय रहीं हैं। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
