ओवैस सिद्दीकी, अकोला (महाराष्ट्र), NIT;
महाराष्ट्र के अकोला जिला में दिल दहला देनी वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पिता ने पहले अपने ही दो बेटों व एक बेटी की निर्मम हत्या की फिर आत्महत्या के चक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गया।
अकोला जिले के बोरगांव मंजू पुलिस स्टेशन की हद में आने वाले ग्राम धोतर्डी में एक संगदिल पिता ने ही अपने 3 बच्चों को मौत के घाट उतार दिया और बच्चों की हत्या के बाद पिता ने भी आत्महत्या का प्रयास किया। यह दिल दहला देने वाली घटना 9 मई को करीब रात 9 बजे हुई। इस घटना के कारण इलाके में खलबली मच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धोतर्डी निवासी विष्णु इंगले नामक व्यक्ति द्वारा पहले अपने दो बेटों और एक बेटी को जहर पिलाकर मारने का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है। जहर का कोई खास असर न होने के कारण उसने दो बच्चों को बिजली का करंट लगाकर मारा जबकि एक बच्चे के सिर पर लोहे के कौंचे से वार कर उसकी हत्या कर दी, इसके बाद आरोपी ने खुद को चोट पहुंचाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इस सनसनीखेज वारदात में तीनों बच्चों की मौत हो गई है जबकि हत्यारा पिता भी गंभीर रूप से घायल है जिसका इलाज चल रहा है। मृतक बच्चों के नाम अजय (17), मनोज (16) और शिवानी(15) हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद बोरगांव मंजू पुलिस ने मौके पर पहुंचने में सुस्ती बरती। रात को हुई इस घटना के कारण इलाके में हड़कम्प मच गया है, हालांकि खबर लिखे जाने तक घटना के कारण पता नहीं चल सका था। देर रात पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।
