सद्दाम हुसैन, लखनऊ, NIT;
लखनऊ एंटी करप्शन ब्यूरो के अधिकारियों ने कोतवाली मोहनलालगंज में तैनात एक पुलिस सिपाही को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि उक्त सिपाही क्षेत्र में रिश्वतखोरी के लिए काफी बदनाम हो चुका था और काफी लोग उसके अवैध वसूली से परेशान थे।
मिली जानकारी के मुताबिक मोहनलालगंज कोतवाली में तैनात सिपाही बलवंत लगभग तीन महीने से शहरी क्षेत्र में अवैध वसूली कर रहा था। लखनऊ के इस हाईटेक पुलिसकर्मी को एन्टी करप्शन टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि यह पुलिस कर्मी कोतवाल का खास था जिसका फायदा वह उठा रहा था। जानकारी के अनुसार पूर्व प्रधान राजेश सिंह से दीवार बनाने को लेकर मोटी रकम की मांग की थी, जिसकी शिकायत राजेश सिंह ने एंटी करप्शन ब्यूरो से की।
शिकायत दर्ज करने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो के अधिकारियों ने जाल बिछाया और आखिरकार 35 हज़ार रूपये की रिश्वत लेते हुए सिपाही बलवंत चंद्र को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। सिपाही बलवंत चंद्र को मोहनलालगंज थाने की सिसेंडी चौकी पर तैनात था। एंटी करप्शन ब्यूरो की इस कार्रवाई से जहाँ पुलिस विभाग में खलबली मची हुई है वहीं स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है।