राहुल यादव, जौनपुर (यूपी), NIT;
होली के मौके पर अक्सर नौजवान शराब के नशे में चूर हो कर ऊधम मचाते हैं और लडकियों व महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें करने से भी गुरेज नहीं करते हैं। ऐसा ही एक मामला होली के दिन जौनपुर जिला के नेवढिया थाना क्षेत्र में पेश आया था। यहां कुछ लोग शराब के नशे में धुत हो एक महिला को रंग लगाने के बहाने अश्लील हरकत की थी और विरोध करने पर उसके पति के साथ मारपीट भी की थी जबकि कुछ दिन पहले ही महिला के देवर की मौत हो गई थी जिसका परिवार सोग मना रहा था। पुलिस ने इस मामले में केवल मारपीट का मुकदमा दर्ज किया था और अश्लील हरकत की घटना को नजरअंदाज कर दिया था। इस मामले को लेकर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक जौनपुर से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई थी। महिला की आप बीती सुनकर पुलिस अधीक्षक जौनपुर ने नेवढ़ियाँ पुलिस को छेडख़ानी का मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया जिसके बाद पुलिस ने छेडख़ानी का भी मुकदमा दर्ज किया।
घटना के सम्बंध में मिली जानकारी के अनुसार होली के दिन नेवढ़िया थाना क्षेत्र के होरैया ग्राम के संजय सिंह व घनश्याम शराब के नशे में घुत होकर एक महिला के घर में घुस कर जबरन अबीर गुलाल लगाकर अश्लील हरकत किये और विरोध करने पर उसके पति को मारे -पीटे। नेवढ़ियाँ पुलिस ने मारपीट का केस दर्ज किया। बाद में पीडित महिला राजकुमारी ने पुलिस अधीक्षक के के चौधरी को आप बीती सुनाई तो उनके निर्देश पर नेवढ़ियाँ पुलिस ने छेडख़ानी का मामला दर्ज किया। पीडिता का देवर कुछ दिन पूर्व ही मर गया था उसके घर में दो दिन बाद तेरही थी।
