जितेंद्र वर्मा, हरदा ( मध्यप्रदेश ), NIT;
हरदा नगर की छात्रा निधि धनगर के आत्महत्या करने के दो दिन बाद भी नगर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार को गाडरी समाज के साथ-साथ विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने स्थानीय नार्मदीय धर्मशाला चौराहे पर एकत्र होकर मौन जुलूस निकालकर हरदा थाने का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए दोषियों को फांसी देने की मांग की। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय नारायण टाकिज़ क्षेत्र में कुछ दुकानों का सामान पलट दिया जिसके बाद समुदाय विशेष के लोग एकत्र हो गए और नारेबाजी करने लगे।
देखते ही देखते कुछ लड़कों ने ऊपर से पत्थर और ईंटें फेंकना शुरू कर दिया जिसके बाद पुरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। हालात को बिगड़ता देख पुलिस ने वज्र वाहन और अतिरिक्त पुलिस बल की सहायता से स्थिति पर काबू पाने का प्रयास किया और प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेला। 
नगर में बिगड़ते हालात को देखते हुए नगर के मुख्य बाज़ार देखते ही देखते बंद हो गए। स्थिति को काबू करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने धारा 144 लागु करते हुए लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है। एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने चर्चा के दौरान बताया की नगर में धारा 144 लागु कर दी गई है। लोगों से अनुरोध किया गया है की समूह में एकत्र होकर न घूमें तथा प्रशासन का सहयोग करें।
