मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव के अंतर्गत हिरदागढ़ क्षेत्र में अवैध उत्खनन और रेत परिवहन करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर के निर्देशों के पालन में खनिज विभाग की टीम ने हिरदागढ़ क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रंगे हाथों पकड़ लिया।

मामले की जानकारी देते हुए खनिज अधिकारी स्नेहलता ठावरे ने बताया कि विभाग को हिरदागढ़ क्षेत्र में लगातार अवैध रेत परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर खनिज विभाग की टीम ने क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान महिंद्रा कंपनी का एक बिना नंबर का ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए पाया गया।
डूंगरिया चौकी में खड़ा कराया ट्रैक्टर-ट्रॉली
कार्रवाई के दौरान जब चालक से रेत परिवहन से संबंधित दस्तावेज और रॉयल्टी मांगी गई, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। बिना रॉयल्टी के अवैध रूप से रेत परिवहन किए जाने की पुष्टि होने पर खनिज विभाग की टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को तत्काल जब्त कर लिया। सुरक्षा की दृष्टि से जब्त वाहन को डूंगरिया पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया है। इस कार्रवाई में खनिज विभाग की टीम शामिल रही।
