मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तिलहर थाना पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों अलग-अलग मुकदमों में वांछित चल रहे थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार सुबह खैरपुर जाने वाले मार्ग पर मंसूरपुर गौटिया तिराहे के पास से दोनों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनमोल सिंह निवासी अंबेडकर मौजमपुर गौटिया और प्रदीप उर्फ बेचे निवासी मोहल्ला बारहपत्थर, थाना तिलहर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, अनमोल सिंह दो मुकदमों में वांछित था। पहला मुकदमा 3 अगस्त को दर्ज किया गया था। इसमें आरोप है कि अभियुक्तों ने तमंचे की बट से मारपीट कर एक व्यक्ति को घायल कर दिया था और उसकी जेब से पांच हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया था। इसके अलावा जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर धमकी देने का भी आरोप है।
वहीं, दूसरे मुकदमे में घर में घुसकर असलहा दिखाते हुए दो हजार रुपये मांगने और रुपये नहीं देने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। प्रदीप उर्फ बेचे भी इसी मुकदमे में वांछित चल रहा था।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रभाष चन्द्र और उपनिरीक्षक रमेश वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
