वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

लखीमपुर खीरी जिला के मैगलगंज थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर औरंगाबाद-मूड़ा बसही मार्ग पर एक जामुन के पेड़ से नाबालिग छात्र-छात्रा के शव लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों मंगलवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर नहीं पहुंचे थे। शव मिलने की सूचना पर परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच होने तक शव नीचे उतारने का विरोध किया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर स्थिति संभालने का प्रयास किया।
मृतकों की पहचान आरुषि और सुधाकर के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के निवासी और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। दोनों औरंगाबाद स्थित जिला पंचायत इंटर कॉलेज में पढ़ते थे। परिजनों के अनुसार, मंगलवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद दोनों घर नहीं लौटे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने विद्यालय से संपर्क किया और उनकी तलाश शुरू कर दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दोनों के स्कूल में मौजूद होने और छुट्टी के बाद वहां से निकलने की पुष्टि हुई है।
बुधवार दोपहर तलाश के दौरान परिजनों ने दोनों के शव स्कूल ड्रेस में औरंगाबाद-मूड़ा बसही मार्ग पर एक जामुन के पेड़ से लटके देखे। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक साइकिल और चप्पल भी मिली हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से मिले सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
लड़के के कपड़ों पर खून के निशान मिलने से बढ़ा संदेह
घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लड़के के कपड़ों पर खून के निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से भी जांच कराई। इसके अलावा ड्रोन कैमरे के जरिए घटनास्थल और आसपास के इलाके की छानबीन की गई। इन परिस्थितियों ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है।
दोनों के शव मिलने की सूचना पर एडिशनल एसपी अमित राय, सीओ मितौली यदुवेंद्र यादव और मैगलगंज थाना प्रभारी अखिलेश गंगवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आक्रोशित परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। परिजन निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
पुलिस प्रेम प्रसंग समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सीओ यदुवेंद्र यादव के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही दोनों की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन इसे हत्या की आशंका से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच में जुटी है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के नतीजों पर टिकी हैं।
