मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
मध्य प्रदेश केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (एमपीसीडीए) के प्रदेश स्तरीय चुनाव मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में संपन्न हुए। चुनाव में बुरहानपुर जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज अगनानी ने अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार को 500 मतों के अंतर से पराजित कर शानदार जीत हासिल की और प्रदेश सह सचिव के पद पर निर्वाचित हुए। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से बुरहानपुर जिले का मान और गौरव बढ़ा है। उनकी जीत से जिले के केमिस्ट व्यवसायियों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।
इस उपलब्धि पर मंगलवार को बुरहानपुर स्थित अपना चैंबर्स में मनोज अगनानी का विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने पुष्पमालाएं पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। सम्मान करने वाली संस्थाओं में अपना कमर्शियल क्रेडिट सोसायटी, अपना चैंबर्स, नारायण नगर गृह निर्माण संस्था और ताप्ती सेवा समिति सहित अन्य संस्थाएं शामिल रहीं।
इस अवसर पर वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ एवं पूर्व लायन गवर्नर डॉ. आई.एल. मुंदड़ा, अपना कमर्शियल के संस्थापक अध्यक्ष नीरज कक्कड़, अध्यक्ष शरद मोरे, चार्टर्ड अकाउंटेंट मुस्कान कक्कड़, राहुल छाबड़िया, हिलाल अहमद अंसारी (लाल टोपी), ज़िया अंसारी (अब्दुल हक़ सेठ) सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य एवं जनकल्याण शिविरों के आयोजन का लिया संकल्प
सम्मान समारोह के दौरान नवनिर्वाचित प्रदेश सह सचिव मनोज अगनानी ने अपना कमर्शियल क्रेडिट सोसायटी के संस्थापक अध्यक्ष नीरज कक्कड़ के साथ मिलकर जनसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में बुरहानपुर जिले में संयुक्त रूप से यथासंभव निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं विभिन्न जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ भी मिल सके।
सहयोगियों एवं मतदाताओं के प्रति जताया आभार
मनोज अगनानी ने अपनी जीत और सम्मान के लिए सभी सहयोगियों, शुभचिंतकों एवं मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से केमिस्ट व्यवसायियों के हितों की रक्षा करने के साथ-साथ समाजसेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को भी निरंतर आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
