अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

आय से 87.49 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में महिला शिक्षा पदाधिकारी के चार ठिकानों पर EOU की छापेमारी; 2.45 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का प्रथम दृष्टया खुलासा, पति भी जांच के घेरे में | New India Times

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किशनगंज जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में कार्यरत कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। दोनों पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। आर्थिक अपराध इकाई की प्रारंभिक जांच में 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये की अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 87.49 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध प्रभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर दोनों के विरुद्ध आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 31/26, दिनांक 2 नवंबर 2026 को दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 49 एवं 61(2) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद 3 नवंबर को पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में चार स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। इनमें कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र स्थित ऑफिस कॉलोनी का पैतृक मकान, ऑफिस कॉलोनी स्थित निजी अपार्टमेंट/मकान, किशनगंज जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय स्थित कार्यक्रम पदाधिकारी का सरकारी कार्यालय तथा किशनगंज के लाइनपारा स्थित किराये का आवास शामिल हैं।
आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार के विरुद्ध ज्ञात आय के वैध स्रोतों की तुलना में 2,45,84,000 रुपये की अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य सामने आया है। यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 87.49 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
फिलहाल चारों ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी है। आर्थिक अपराध इकाई ने स्पष्ट किया है कि तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद मामले में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version