मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से रविवार को अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में मेगा विधिक साक्षरता एवं जागरूकता सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पांडेय ने किया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण प्रदान किए गए। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनका लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
जनपद न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इस शिविर के माध्यम से करीब 500 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे जिले में संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और अपनी पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाकर योजनाओं का समुचित सदुपयोग करें।
इस अवसर पर न्यायाधीश मोहम्मद रिजवान अहमद, तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेश कुमार शर्मा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिव कुमार, तृतीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योति अग्रवाल, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अपेक्षा सिंह, जेल अधीक्षक जेपी तिवारी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार सहित न्यायिक अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
