अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान,भोपाल (मप्र), NIT:

राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराज्यीय बस टर्मिनस (ISBT) में अव्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सख्त रुख अपनाया है। ISBT परिसर का निरीक्षण करने पहुंचे निगम आयुक्त ने बस ऑपरेटरों और दुकानदारों द्वारा कॉरिडोर में सामान फैलाकर आवागमन बाधित करने पर नाराजगी जताई। उन्होंने पूरे परिसर को अतिक्रमण मुक्त रखने, गैर संचालित बसों को हटाने और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। निर्देशों के बाद निगम अमले ने कार्रवाई करते हुए कॉरिडोर में सामान रखने वाले चार्टर्ड बस के बुकिंग ऑफिस संचालक पर 5 हजार रुपये का स्पॉट फाइन लगाया।

निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने बस टर्मिनस के कॉरिडोर और अन्य हिस्सों का जायजा लिया। उन्होंने बस संचालकों और दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कॉरिडोर में किसी भी तरह का सामान नहीं रखा जाए, ताकि यात्रियों के आवागमन में परेशानी न हो। इसके बावजूद कॉरिडोर में बड़ी मात्रा में सामान रखकर रास्ता बाधित करने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई करने को कहा। निगम आयुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार्टर्ड बस के बुकिंग ऑफिस संचालक से 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया और कॉरिडोर से सामान भी हटवाया।
गैर संचालित बसें भी हटाने के निर्देश

निगम आयुक्त ने बस स्टैंड परिसर में लंबे समय से खड़ी गैर संचालित बसों को हटवाने के निर्देश दिए। साथ ही बसों का निर्धारित समयावधि तक ही ठहराव सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बस टर्मिनस में अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने। उन्होंने परिसर और आसपास के क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने तथा स्मार्ट सिटी द्वारा रखवाई गई साइकिलों को भी व्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए।
गंदगी फैलाने वालों पर भी होगी कार्रवाई
निगम आयुक्त ने पूरे ISBT परिसर में उच्च स्तरीय साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि समझाइश के बाद भी कॉरिडोर में सामान रखने, रास्ता बाधित करने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती से स्पॉट फाइन किया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अमन मिश्रा, उपायुक्त भुवन गुप्ता, चंचलेश गिरहारे सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
