यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

धौलपुर जिले में आगामी पंचायत चुनाव निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में जिलेभर में सुरक्षा एवं निगरानी संबंधी गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हवा सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान सेल गिर्राज मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने थाना सैंपऊ एवं थाना कौलारी क्षेत्र के विभिन्न गांवों और पंचायतों में व्यापक पैदल फ्लैग मार्च निकाला।

पुलिस टीमों ने सखबारा, बहराबती, राजपुर, दौनारी, कौलारी, रजौरा खुर्द, झीलरा, भदियाना, खरगापुर, निधेरा खुर्द एवं निधेरा कलां सहित विभिन्न गांवों में भारी पुलिस बल के साथ पैदल मार्च कर ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उन्हें निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पंचायत चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने, मतदाताओं को डराने-धमकाने अथवा मतदान में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से बिना किसी दबाव, प्रलोभन या भय के स्वतंत्र रूप से मतदान करने की अपील की गई।
धौलपुर पुलिस की ओर से चुनाव के मद्देनजर जिलेभर में पैदल गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण तथा गांवों में फ्लैग मार्च जैसी गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। पुलिस का उद्देश्य असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाकर आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय का वातावरण स्थापित करना है।
इस दौरान वृत्ताधिकारी सैंपऊ मनोहर मीणा, थानाधिकारी कौलारी हरिनारायण मीणा, थानाधिकारी सैंपऊ अमित शर्मा सहित बड़ी संख्या में पुलिस एवं आरएसी के जवान मौजूद रहे।
