पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:

मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड बदनावर, जिला धार के अंतर्गत 30 अक्टूबर 2026 को नागदा सेक्टर-5 के ग्राम कुसावदा में प्रस्फुटन समितियों की शक्ति संचय कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात जन अभियान परिषद की बदनावर ब्लॉक समन्वयक सुशीला मेडा ने परिषद की अवधारणा एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही जल संरक्षण के महत्व और पानी को बचाने के विभिन्न उपायों के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यशाला में मेंटर अरविंद कछावा ने प्रस्फुटन समितियों को MP JAP एप पर डीएसआर (DSR), दस्तावेजीकरण एवं अभियान के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
नवांकुर संस्था धार नारी शक्ति विकास के अध्यक्ष प्रतिनिधि बालाराम चौहान ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल संकट अब केवल एक क्षेत्र की समस्या नहीं, बल्कि विश्वव्यापी चुनौती बनता जा रहा है। इसलिए हमें पानी की प्रत्येक बूंद को बचाने का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रस्फुटन समितियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आभार प्रदर्शन प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष अर्जुन पंवार ने किया।
इस अवसर पर नागदा, किशनपुरा, कुसावदा एवं माकनी प्रस्फुटन समितियों के सदस्य श्रीमती प्रेमलता जायसवाल, शांतिलाल जायसवाल, सीमा चौहान, चंदाबाई, बसंताबाई, सकुबाई, आकाश पंवार सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
