ज़फ़र खान, अकोट/अकोला (महाराष्ट्र), NIT:

अकोट शहर में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अकोट शहर पुलिस ने बड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए चार सराईत अपराधियों को एक वर्ष के लिए पांच जिलों से तड़ीपार कर दिया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के आदेश पर महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 55(1) के तहत की गई है।
पुलिस के अनुसार, अकोट शहर के राजेंद्र नगर निवासी चार व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनकी लगातार आपराधिक गतिविधियों से क्षेत्र की सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तड़ीपारी का प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया था। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार चारों आरोपियों को एक वर्ष के लिए अकोला, अमरावती, यवतमाल, बुलढाणा और वाशिम जिलों से तड़ीपार किया गया है।
तड़ीपार किए गए व्यक्तियों में रोहन मुरली अंभारे (22 वर्ष), जिसे गिरोह का प्रमुख बताया गया है, राहुल हनुमान शिवरकर (35 वर्ष), राम पांडुरंग अंभारे (33 वर्ष) तथा शिवा अमित उर्फ गणेश अंभारे (28 वर्ष) शामिल हैं।
इस कार्रवाई में जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत रेड्डी और सहायक पुलिस अधीक्षक निखिल पाटील का मार्गदर्शन रहा। अकोट शहर पुलिस थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक किशोर जुनघरे तथा अपराध अन्वेषण दल के प्रमुख पुलिस उपनिरीक्षक निलेश बारहाते के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई में पुलिस हवलदार गजानन राठोड, नरेंद्र जाधव, नंदकिशोर कुलट, कपिल राठोड, रामेश्वर भगत, नितेश सोलंके, सुबोध खंडारे तथा पुलिस कांस्टेबल विशाल दारोकार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
