मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के अंतर्गत बुरहानपुर जिले में 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0’ चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, तंबाकू सेवन की रोकथाम करना, शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाना तथा तंबाकू नियंत्रण कानूनों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना है।
इसी अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय, बुरहानपुर में स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने तंबाकू मुक्त बुरहानपुर बनाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया। स्वास्थ्य कर्मियों ने अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जिला कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में विभिन्न विभागों के समन्वय से जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही तंबाकू मुक्त ग्राम पहल को बढ़ावा देने तथा अभियान की नियमित निगरानी और समीक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने युवाओं, अभिभावकों, शैक्षणिक संस्थानों और आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। विभाग के अनुसार, तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूकता बढ़ाकर और तंबाकू से दूरी बनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी नागरिकों से तंबाकू मुक्त बुरहानपुर के संकल्प को साकार करने में सहयोग देने का आह्वान किया है, ताकि युवा पीढ़ी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके और जिले में तंबाकू मुक्त वातावरण का निर्माण हो सके।
