अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

भागलपुर जिले में सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने के अभियान के तहत प्रशासन ने मौजा सिमरिया, थाना संख्या-333 में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अतिक्रमण वाद संख्या-02/2026-27 के अंतर्गत की गई इस कार्रवाई में 19 अतिक्रमणकारियों से अतिक्रमित भूमि मुक्त कराई गई।
प्रशासन के अनुसार, खाता संख्या-223 के अंतर्गत आने वाली विभिन्न श्रेणियों की भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। इसमें खेसरा संख्या-494 की 29 डिसमिल पुरानी परती भूमि, खेसरा संख्या-613 की एक एकड़ 95 डिसमिल बांध की भूमि तथा खेसरा संख्या-616 की दो एकड़ 68 डिसमिल पोखर की भूमि शामिल है।
इस अतिक्रमण वाद में कुल 21 अतिक्रमणकारियों को चिह्नित किया गया था, जिनमें से 19 के कब्जे से संबंधित भूमि को मुक्त करा लिया गया है। वहीं, शेष दो व्यक्तियों प्रशांत कुमार सिंह एवं पवन कुमार सिंह के नाम से संबंधित भूमि की जमाबंदी वर्तमान में संचालित है। जमाबंदी रद्द करने के लिए सक्षम प्राधिकार के समक्ष प्रस्ताव भेजा गया है। जमाबंदी रद्दीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने तथा जनहित से जुड़ी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमानुसार कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
