पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अखिलेश कुमार जैन ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं और मांगें गंभीरतापूर्वक सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस जनसुनवाई में कुल 116 आवेदन प्राप्त हुए।

सीईओ श्री जैन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। इसलिए प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई संभव है, उनका शीघ्र निराकरण किया जाए। वहीं, जिन मामलों में अन्य विभागों के समन्वय की आवश्यकता है, उनमें संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवेदकों को राहत प्रदान की जाए। उन्होंने लंबित आवेदनों की नियमित समीक्षा करने तथा उनके निराकरण की स्थिति से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश भी दिए।
इस साप्ताहिक जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, पट्टा प्रदान करने, निजी भूमि पर अतिक्रमण हटाने, सेवानिवृत्ति के बाद क्लेम की राशि का भुगतान करने, आंगनवाड़ी में कथित फर्जी नियुक्ति, ऋण माफ कराने, मजदूरी की राशि का भुगतान करने, अनुकंपा नियुक्ति दिलाने, अतिथि शिक्षक की नियुक्ति, कृषि भूमि का आपसी बंटवारा कराने, फर्जी फौती नामांतरण, शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाने, भूमि का सीमांकन कराने, भू-अर्जन के तहत अधिग्रहित भूमि का मुआवजा दिलाने, बीमारी के उपचार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने, भूमि पर आने-जाने का रास्ता खुलवाने, दिव्यांग व्यक्ति को ट्राइसाइकिल प्रदान करने तथा राहगीर योजना का लाभ दिलाने सहित विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
सीईओ श्री जैन ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आवेदकों को अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने दोहराया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी भी उपस्थित रहे।
