इम्तियाज़ चिश्ती, ब्यूरो चीफ, दमोह (मप्र), NIT:
नोहटा थाना क्षेत्र के पटना-मानगढ़ के पास शनिवार को एक पुलिया पर पिकअप की टक्कर से स्कूली बच्चों से भरा ऑटो पलट गया। हादसे में 12 छात्र-छात्राएं घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बनवार स्थित विवेकानंद स्कूल में पढ़ने वाले करीब 15 छात्र ऑटो से घर लौट रहे थे। पुलिया के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

शुरुआत में तीन बच्चों—नीतू राय (18), सागर (8) और अंश राय (13)—को अस्पताल लाया गया। बाद में नौ अन्य घायल बच्चों को भी अस्पताल पहुंचाया गया। तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी के अनुसार, हादसे में आठ बालक और चार बालिकाएं घायल हुए हैं। घायलों में मनोहर, नैंसी, काजल, दुर्गा, रचना, कल्पना, आकाश और रत्नेश शामिल हैं। सभी घायल खतरे से बाहर हैं।

तहसीलदार ने जाना घायलों का हाल
हादसे की सूचना मिलने पर तहसीलदार अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को घायलों का बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए।
परिजनों ने अस्पताल में स्ट्रेचर नहीं मिलने की शिकायत की। वहीं, सहायक अस्पताल प्रबंधक डॉ. सुरेंद्र ने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त स्ट्रेचर उपलब्ध हैं, लेकिन परिजन जल्दबाजी में बच्चों को अंदर ले गए। उन्होंने बताया कि अस्पताल के स्टाफ को अलर्ट कर दिया गया है।
