मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत जुन्नारदेव के अंतर्गत ग्राम पंचायत बानाबेहरा में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में जनपद पंचायत जुन्नारदेव की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्रीमती रश्मि चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनकी मौजूदगी में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर के दौरान कई मामलों में हितग्राहियों के आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। वहीं, अन्य विभागों से संबंधित लंबित आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा में निराकृत करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए और पत्र प्रेषित किए गए।
शिविर में विभागवार 82 आवेदन एवं प्रकरण दर्ज
शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न विभागों के स्टॉल पर कुल 82 आवेदन एवं प्रकरण दर्ज किए गए। विभागवार विवरण इस प्रकार है।
- पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग — 22
- राजस्व विभाग — 12
- महिला एवं बाल विकास विभाग — 17
- विद्युत विभाग — 10
- पीएचई (लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी) विभाग — 08
- आदिम जाति कल्याण विभाग — 07
- स्कूल शिक्षा विभाग — 03
- स्वास्थ्य विभाग — 01
- खाद्य विभाग — 01
- सहकारिता विभाग — 01
विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिससे समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को गति मिली। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर जनपद पंचायत जुन्नारदेव की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रश्मि चौहान ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को उसकी पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ मिले और उसकी समस्याओं का समय पर निराकरण हो। बानाबेहरा में आयोजित शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
