शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

स्थानीय विकास खंड में वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन के तहत मतदान शुक्रवार सुबह 10 बजे शुरू हुआ, जो शाम 4 बजे तक चला। मतदान समाप्त होने के बाद निर्धारित समय पर मतदान केंद्रों के द्वार बंद कर दिए गए। इस दौरान मतदाताओं ने कतारबद्ध होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्नातक निर्वाचन में कुल 1,109 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 492 मतदाताओं ने मतदान किया। वहीं, शिक्षक निर्वाचन में कुल 151 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 132 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
सेक्टर मजिस्ट्रेट करमा मनोज कुमार नायक ने बताया कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मतदान के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक की टीमें विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेती रहीं।
निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में प्रचार-प्रसार पर प्रतिबंध लगाया गया था। मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन ले जाने पर भी रोक रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर करमा पुलिस मुस्तैद रही।
