इम्तियाज़ चिश्ती, ब्यूरो चीफ, दमोह (मप्र), NIT:
मध्य प्रदेश के दमोह जिले के हिंडोरिया कस्बे में दशहरा चल समारोह के दौरान जामा मस्जिद के सामने अखाड़ा खेलते समय हवाई फायर करने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने संबंधित युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, दशहरा चल समारोह के दौरान अखाड़े में शामिल लोगों ने नारेबाजी करते हुए काफी देर तक हिंडोरिया की जामा मस्जिद के सामने अखाड़ा खेला। इसी दौरान अखाड़े में शामिल एक युवक ने बंदूक से हवाई फायर किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक जतिन अग्रवाल, सांसद राहुल सिंह लोधी के प्रतिनिधि जगदीश अग्रवाल का बेटा है।
खास बात यह है कि जामा मस्जिद के सामने हवाई फायरिंग की घटना को लेकर मुस्लिम समाज की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई और न ही कोई प्रतिक्रिया सामने आई। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की है।
वहीं, इस मामले के बाद हिंडोरिया थाने में हिंदूवादी संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा बढ़ता जा रहा है। दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले में मीडिया को कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
