पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:

धार जिले के मनावर में ज्वेलर्स व्यापारी से कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दंपती ने सोने की तीन चेन और दो अंगूठियां, जिनकी कुल कीमत 8 लाख 40 हजार 500 रुपये है, लेकर भुगतान नहीं किया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सभी आभूषण जब्त कर लिए हैं।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी मनावर प्रदीप वाल्टर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, फरियादी वैभव पिता भंवरलाल सोनी (31), निवासी धार रोड, मनावर की स्वर्णा श्री ज्वेलर्स नाम से आभूषणों की दुकान है। फरियादी ने शिकायत में बताया कि 10 मई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे विशाल पिता सत्यनारायण विश्वकर्मा अपनी पत्नी प्रज्ञा विश्वकर्मा के साथ दुकान पर आया था। आरोप है कि दंपती ने दुकान से सोने की तीन चेन और दो अंगूठियां लीं, जिनकी कुल कीमत 8,40,500 रुपये थी। उन्होंने दो लाख रुपये जमा करने और शेष राशि बाद में चुकाने का आश्वासन दिया। साथ ही आभूषण परिवार को दिखाकर जल्द लौटाने की बात कही।
