मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

प्रेम प्रसंग को लेकर दो परिवारों में खूनी संघर्ष, घायल व्यक्ति की मौत; तीन पुरुषों और दो महिलाओं समेत पांच गिरफ्तार | New India Times

शाहजहांपुर जिला के कटरा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर दो परिवारों के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय रमेश की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने तीन पुरुषों और दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया बांका, डंडा और ईंट भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, कटरा थाना क्षेत्र के एक युवक का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले युवती के परिजनों ने युवक पर उसे भगाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया। युवती ने अदालत में युवक के साथ रहने की इच्छा जताई थी। इस घटनाक्रम के बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।

बताया जाता है कि रविवार रात रमेश गुटखा खरीदने के लिए दुकान पर गया था। इसी दौरान युवती के परिजन भी वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान लाठी-डंडों और अन्य वस्तुओं से हमला किए जाने पर रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने 19 अक्टूबर को प्राप्त तहरीर के आधार पर सुखपाल समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। रमेश की मौत के बाद मामले की विवेचना में गैर इरादतन हत्या समेत अन्य संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुरेश, उसके बेटे सुखपाल और राजपाल के अलावा नीतू तथा ममता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में सुखपाल और सुरेश के खिलाफ पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में कटरा थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक पदम सिंह, महिला उपनिरीक्षक अंशु सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version