रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

प्रदेश भर में लोकप्रिय और मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री वनेश्वर मारुति नंदन कुटीर हनुमान मंदिर में चल रहा गरबा महोत्सव भारत की धार्मिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बन गया है। प्रतिदिन प्रदेश के भव्य और जन-जन के प्रिय नवरात्रि महोत्सव को देखने और भक्ति की पवित्र आभा को निहारने के लिए प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री वनेश्वर मारुति नंदन कुटीर हनुमान मंदिर प्रांगण में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है।

गरबा खेलने वालों से लेकर मंदिर में दर्शन करने और गरबा देखने वालों की भीड़ इतनी अधिक बढ़ रही है कि आयोजन स्थल पर की गई अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी कम पड़ती दिखाई दे रही हैं।

प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री वनेश्वर मारुति नंदन कुटीर हनुमान मंदिर, फुटतालाब में आठवें दिन बड़ी संख्या में मध्यप्रदेश के बाहर से भी श्रद्धालु पहुंचे।
मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, भाजपा जिला महामंत्री गौरव खंडेलवाल, भाजपा के पूर्व जिला मंत्री भूपेश भानपुरिया, पेटलावद के पूर्व विधायक वालसिंह मेडा, कालू सिंह नलवाया, मेघनगर के पूर्व सरपंच नटवर बामनिया, वंदे मातरम् ग्रुप के वरिष्ठ सदस्य, भाजपा के युवा नेता वेदप्रकाश बसेर, श्री हनुमंत आश्रम पीपलखूंटा के महंत दयाराम दास महाराज एवं चिंतामणि महाराज अपने साथ अन्य संतों और संस्कृत महाविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को लेकर पहुंचे।
कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों और मंदिर के महंत श्री दिलीपदास महाराज का मध्यप्रदेश के वरिष्ठ एवं लोकप्रिय समाजसेवी सुरेश चंद्र पूरणमल जैन (पप्पू भय्या) और राजेश रिंकू जैन ने स्वागत किया। वहीं, महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया का स्वागत श्रीमती सीमा सुरेश जैन ने दुपट्टा पहनाकर किया।
प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री सामाजिक झांकियों की प्रस्तुतियां देखकर मंत्रमुग्ध नजर आईं। उन्होंने क्षेत्र की बेटियों को संस्कार और अनुशासन की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए श्री जैन को बधाई दी।
अतिथियों के समक्ष ऑसम ग्रुप, थांदला द्वारा कला बापजी की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई, जिसकी खूब सराहना हुई। थांदला के मेघनाथ का मारुति ग्रुप द्वारा जल, जंगल बचाने के संदेश पर आधारित प्रस्तुति भी दी गई। इसके अलावा विभिन्न गरबा दलों ने बाल विवाह की रोकथाम, स्त्री शक्ति, संघर्ष और त्याग को प्रदर्शित करने वाली प्रेरणादायक प्रस्तुतियां दीं।
मुख्य अतिथियों ने इन प्रस्तुतियों को देखा और सराहा। साथ ही, समाजसेवी श्री जैन के साथ कलाकारों को पुरस्कार भी प्रदान किए।
युवा समाजसेवी राजेश रिंकू जैन और वरिष्ठ समाजसेवी श्री सुरेश चंद्र पूरणमल जैन ने मातृशक्ति से विशेष आग्रह किया है कि वे आज शाम होने वाली नृत्य-नाटिकाओं की प्रस्तुतियां देखने और सुबह होने वाली श्री हनुमान जी की महाआरती में शामिल होने के लिए विशेष रूप से पहुंचें।
