मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस ने 17 और 18 अक्टूबर को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 1542 वाहनों के चालान किए गए।

पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने पर 12, मॉडिफाइड साइलेंसर के इस्तेमाल पर 3 और प्रेशर हॉर्न व हूटर के इस्तेमाल पर 55 चालान किए। मदनापुर, सिंधौली, खुटार और पुवायां क्षेत्र के टोल प्लाजा समेत प्रमुख स्थानों पर रात 8 बजे से 11 बजे तक वाहनों की जांच की गई।
इस दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को शराब पीकर गाड़ी न चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया। टोल प्लाजा पर परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों से बातचीत कर उनकी यात्रा के बारे में भी जानकारी ली गई।
पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
