अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
राजधानी भोपाल के बैरागढ़ में 12 वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बच्ची का शव मिलने के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों एवं महिलाओं ने थाने का घेराव कर आरोपी को फांसी देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। पीड़ित परिवार के समर्थन में पहुंचे हिंदूवादी संगठनों ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और गरीब परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने पुलिस के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए सवाल उठाया कि जब बच्ची लापता हुई थी, तब पुलिस उसे तलाश क्यों नहीं कर पाई? आक्रोशित लोगों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
मामले में एसीपी रत्नेश तोमर ने बताया कि बच्ची की हत्या के आरोपी मोईन खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या और बहला-फुसलाकर ले जाने से संबंधित प्रकरण दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिसमें यौन उत्पीड़न की बात भी सामने आई है। विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर संबंधित धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
एसीपी ने कहा कि परिजन और स्थानीय लोग आरोपी को फांसी देने की मांग कर रहे हैं और उनमें काफी आक्रोश है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि मौके पर चक्काजाम जैसी स्थिति नहीं है। पुलिस ने लोगों को समझाया है कि फांसी की सजा देना न्यायालयीन प्रक्रिया का हिस्सा है और इसका फैसला पुलिस नहीं, बल्कि अदालत करती है।
खंडहर में मिला था मासूम का शव
गौरतलब है कि बैरागढ़ में झुग्गी में रहने वाले कबाड़ बीनकर गुजर-बसर करने वाले परिवार की 12 वर्षीय बच्ची गुरुवार रात घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई थी। शुक्रवार को बच्ची का शव कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक सुनसान खंडहर से बरामद हुआ।
बच्ची की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद लोग मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस की आगे की जांच, विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हैं।
