राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:

जन विश्वास अभियान के 17 दिन बाद भी पटेल वार्ड की समस्याएं लंबित, कांग्रेस पार्षद त्रिवेंद्र जाट ने उठाए सवाल | New India Times

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 26 सितंबर को देवरी कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित शिविर में दिए गए आवेदनों पर 17 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप नगर पालिका परिषद देवरी के पटेल वार्ड के कांग्रेस पार्षद त्रिवेंद्र जाट ने लगाया है। उन्होंने कहा कि शिविर में आवेदनों के निराकरण के लिए सात दिन की समय-सीमा निर्धारित की गई थी, लेकिन वार्ड की मूलभूत समस्याओं का समाधान अब तक नहीं हुआ है। वहीं, 4 अक्टूबर को आयोजित जन सेतु अभियान ‘सरकार आपके द्वार’ के नगर स्तरीय शिविर में दिए गए आवेदनों पर भी कार्रवाई नहीं होने का दावा किया गया है।

पार्षद त्रिवेंद्र जाट के अनुसार, 26 सितंबर को आयोजित शिविर में सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने पटेल वार्ड की समस्याओं को लेकर कलेक्टर को चार अलग-अलग पत्र सौंपे थे। इनमें सड़क एवं नाली निर्माण, जर्जर बिजली केबल बदलने, सामुदायिक भवन निर्माण, मंदिरों में टीन शेड और पेवर ब्लॉक लगाने तथा जरूरतमंद परिवारों को आवासीय पट्टे देने की मांग शामिल थी।
पार्षद ने बताया कि वार्ड में सड़क और नाली निर्माण के लिए करीब 12 स्थानों का उल्लेख करते हुए आवेदन दिया गया था। इनमें विभिन्न मोहल्लों और रहवासी क्षेत्रों में सड़क निर्माण तथा नालियों के निर्माण से संबंधित कार्य शामिल हैं। उनका कहना है कि इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय नागरिकों को आवागमन और जल निकासी की समस्याओं से राहत मिल सकती है।

इसके अलावा, पटेल वार्ड में सामुदायिक भवन निर्माण की मांग भी उठाई गई है। पार्षद के अनुसार, वार्ड में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की संख्या अधिक है, लेकिन सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए सामुदायिक भवन उपलब्ध नहीं है। इसके लिए उन्होंने लगभग 5 से 10 लाख रुपये की लागत से भवन निर्माण कराने का प्रस्ताव दिया है।
पार्षद ने संतोष जाट के घर के समीप स्थित प्राचीन मंदिर, लेन एरिया के मां दुर्गा माता मंदिर और काली माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टीन शेड लगाने तथा पेवर ब्लॉक बिछाने की मांग भी की है। वहीं, शांतीनगर, हरसिद्धि मंदिर क्षेत्र और लेन एरिया में लंबे समय से निवास कर रहे करीब 10 से 20 परिवारों को नियमानुसार आवासीय पट्टे जारी करने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी गई है।

पार्षद त्रिवेंद्र जाट ने बताया कि 4 अक्टूबर को देवरी के रैन बसेरा में आयोजित जन सेतु अभियान ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर में भी पटेल वार्ड की समस्याओं को लेकर एसडीएम सहित संबंधित अधिकारियों को आवेदन सौंपे गए थे। इस शिविर में नगर पालिका सीएमओ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। इसके बावजूद समस्याओं का निराकरण नहीं होने से वार्डवासियों में निराशा है।
पार्षद ने सवाल उठाया कि जब शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समय-सीमा में समाधान करना है, तो बार-बार आवेदन देने के बाद भी लोगों को राहत क्यों नहीं मिल रही है? उन्होंने मांग की कि दोनों शिविरों में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर लंबित मामलों पर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं और आवेदकों को कार्रवाई की स्थिति से अवगत कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए आयोजित शिविर तभी सार्थक होंगे, जब आवेदनों पर वास्तविक कार्रवाई होगी और नागरिकों को इसका लाभ मिलेगा। फिलहाल, पटेल वार्ड की इन समस्याओं पर प्रशासन एवं संबंधित विभागों की कार्रवाई का इंतजार है। मामले में प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version