रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

आसपास के 10 से अधिक जिलों के लोगों के आकर्षण का केंद्र बन चुका फुटतालाब नवरात्रि महोत्सव के तीसरे दिन भक्ति के उल्लास से चरम पर पहुँचता हुआ दिखाई दिया।इंदौर, दिल्ली और गुजरात के कलाकारों तथा स्थानीय युवाओं का गरबा देखने पहुँचे दूरस्थ जिलों के लोगों ने आयोजन को देखकर धर्म, संस्कृति और अनुशासन के श्रेष्ठ संगम की सराहना की। आयोजन में पहुँच रहे लोगों का उत्साह और आस्था का तेज इस आयोजन में भारत की धार्मिक संस्कृति के दर्शन करा रहा है। वहीं, पंडाल में विराजित माँ जगदंबे का तेज भी भक्ति के विस्तार और उल्लास से भरा हुआ दिखाई दे रहा है।

प्रदेश के जनप्रिय समाजसेवी श्री सुरेश चंद्र पूरणमल जैन, राजेश रिंकू जैन और जैकी जैन के साथ आयोजन समिति की महिला मंडल की सदस्या श्रीमती सीमा सुरेश जैन, श्रीमती नीता राजेश जैन तथा परिवार के सदस्यों ने मंदिर के महंत दिलीप दास महाराज और श्रीरामदास त्यागी टाट वाले बाबा के साथ श्रद्धालुओं से प्रतिदिन रात 8 बजे होने वाली माँ की महाआरती में सम्मिलित होने का विनम्र आग्रह किया है। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री वनेश्वर मारुति नंदन हनुमान मंदिर में विराजित श्रीराम भक्त हनुमान के दर्शनों के लिए भी प्रतिदिन भक्तों का तांता लग रहा है।

कार्यक्रम में अपने स्वर और संगीत से सुमधुर एवं भक्ति से सराबोर गरबों की प्रस्तुति देकर पवित्र वातावरण बना रहे गुजरात के सारेगामापा ग्रुप के धर्मेंद्र भाई ने बताया कि गुजरात की तरह ही मध्य प्रदेश के फुटतालाब में भी लोगों का उत्साह दिखाई दे रहा है, जो आमतौर पर गुजरात की तुलना में दूसरे राज्यों में कम देखने को मिलता है।

मंगलवार रात फुटतालाब पहुँचे झाबुआ के सर्वोदय कला मंडल के सदस्यों ने पप्पू भैया और रिंकू भैया का स्वागत किया तथा इतने वर्षों तक इस भव्य आयोजन को निरंतर जारी रखने के लिए उन्हें बधाई दी। वहीं, सुरेश चंद्र जैन और राजेश जैन ने भी मंडल के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए उनका स्वागत किया।
