रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला (झाबुआ), NIT:
मेघनगर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री वनेश्वर मारुति नंदन हनुमान मंदिर, फुटतालाब में आयोजित नवरात्रि महोत्सव के दूसरे दिन गरबा गायन और मां की आराधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। भारत की प्रसिद्ध गरबा गायिका कविता श्रीवास्तव की सुरीली आवाज पर श्रद्धालु गरबा करने के लिए उत्साहित नजर आए। पारंपरिक गरबों की धुन पर पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कविता श्रीवास्तव ने ‘पंखिड़ा तू उड़ी जाजे पावागढ़ रे’, ‘तू काली रे कल्याणी मोरी मां’, ‘अंबे मां एक बार बोलो-बोलो मोरी मां’ और ‘अंबाजी हिचके झूले रे’ जैसे लोकप्रिय गरबों की प्रस्तुति दी। इन भजनों और गरबों पर श्रद्धालुओं ने जमकर गरबा किया तथा मां दुर्गा की आराधना की।
आयोजन में इंदौर, बड़ौदा और दिल्ली से आए गरबा कलाकारों के साथ क्षेत्र की ग्रामीण बालिकाओं ने भी पारंपरिक अंदाज में गरबा प्रस्तुत किया। गुजरात के सा रे गा मा पा ग्रुप की गायिकाओं जागृति बेन, तुलसी बेन और सरस्वती बेन की प्रस्तुतियों पर भी मां के भक्त गरबा करते हुए नजर आए।

फुटतालाब में बबल्स ग्रुप इंदौर, एमिनेंट ग्रुप, श्री मारुति विक्की डांस ग्रुप बड़ौदा, मां आशापुरी ग्रुप मेघनगर, ऑसम ग्रुप थांदला, रानू माछल बड़वानी, मारुति नंदन ग्रुप थांदला, दशा माता ग्रुप, कान्हा ग्रुप, कपिल गरबा ग्रुप थांदला, कैलाश ग्रुप साजेली, दीप ग्रुप मेघनगर और साक्षी ग्रुप दाहोद सहित विभिन्न गरबा समूहों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
नवापाड़ा, नौगांव, झाबुआ और थांदला के विभिन्न समूहों के कलाकारों ने भी गरबा प्रस्तुत किया। मंदिर परिसर की छोटी-छोटी बालिकाओं ने पारंपरिक वेशभूषा और भाव-भंगिमाओं के साथ गरबा कर श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। उनकी प्रस्तुतियों ने आयोजन में भक्ति और उत्साह का माहौल बना दिया।
इस अवसर पर समाजसेवी सुरेश चंद्र पूरणमल जैन और युवा समाजसेवी राजेश रिंकू जैन ने क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता से नवरात्रि महोत्सव में शामिल होकर मां की आराधना करने की अपील की। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता से फुटतालाब का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व एक बार फिर देखने को मिला।
