शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत मंगलवार को कम्पोजिट विद्यालय टिकुरिया की एक छात्रा को एक दिन के लिए करमा थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान छात्रा ने थाने में जनसुनवाई की और पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस पहल का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना तथा उनमें आत्मविश्वास जागृत करना है।
एक दिन की थानाध्यक्ष बनी छात्रा को पुलिस के दायित्वों, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस पहल के माध्यम से बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान करमा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल, मिशन शक्ति टीम, कम्पोजिट विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पूजा पाण्डेय एवं शिक्षिका जमावन्ती देवी उपस्थित रहीं।
