मोहम्मद सिराज, ब्यूरो चीफ, पांढुर्णा (मप्र), NIT:

सायरा के किसानों की बिजली समस्या को लेकर युवा कांग्रेस का धरना, अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग | New India Times

ग्राम सायरा में बार-बार बिजली ट्रिपिंग, कम वोल्टेज और पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं होने से परेशान किसानों की समस्याओं को लेकर मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव सोपान कोहले के नेतृत्व में किसानों ने विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता कार्यालय, सौंसर में करीब एक घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने जमकर नारेबाजी करते हुए सिंचाई के लिए दिन में पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग की। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया।
किसानों ने बताया कि ग्राम सायरा में बिजली की समस्या के कारण फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। बारिश कम होने के कारण किसानों को सिंचाई के लिए बिजली की अधिक आवश्यकता है, लेकिन गांव में स्थापित दो ट्रांसफार्मरों पर क्षमता से अधिक भार होने के कारण बार-बार बिजली ट्रिपिंग और कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है।

किसानों ने मांग की कि ग्राम सायरा को उटीकाटा फीडर से अलग कर सौंसर फीडर से जोड़ा जाए। साथ ही वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली मिल सके।
धरना प्रदर्शन के दौरान सहायक अभियंता सौंसर जितेंद्र सैनी ने दूरभाष पर युवा कांग्रेस नेता सोपान कोहले की बात डीई श्री धुर्वे से कराई। इस दौरान अधिकारियों ने वोल्टेज की समस्या दूर करने और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन दिया।

एसडीएम से मिलकर भी उठाया मुद्दा

धरना प्रदर्शन के बाद सोपान कोहले के नेतृत्व में किसानों ने सौंसर एसडीएम सिद्धार्थ पटेल से उनके कार्यालय में मुलाकात कर बिजली की समस्या से अवगत कराया। एसडीएम पटेल ने तत्काल दूरभाष पर डीई श्री धुर्वे से चर्चा की और किसानों की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सोपान कोहले ने कहा कि क्षेत्र के किसानों की बिजली समस्या से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और सांसद नकुलनाथ को भी अवगत कराया जाएगा। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना शासन और विद्युत विभाग की जिम्मेदारी है। किसानों को अपनी फसलों की सिंचाई के लिए परेशान होना पड़े, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि यदि किसानों की मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया, तो 17 अक्टूबर को नकुलनाथ के नेतृत्व में सौंसर में आयोजित किसान आंदोलन में ग्राम सायरा सहित क्षेत्र के सैकड़ों किसान शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवा कांग्रेस किसानों के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी और उन्हें राहत मिलने तक इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाती रहेगी।
धरना प्रदर्शन के दौरान रेवनाथ गुर्वे, विनायक गुर्वे, संदीप रूघे, हर्ष वाठ, प्रवीण खडाईत, हरिओम गुर्वे, विनोद गुर्वे, अभिषेक गुर्वे, राजेंद्र रूघे, विनायक खडसे, राजू जाने, बबलू वाफाडे, प्रदीप रुघे, शंकर बेड़े, जगदीश मगरूलकर, महादेव बल्ले, टिकाराम गुर्वे, प्रणित रूघे, आनंद रूघे, राजेश मगरूलकर, महेश गुर्वे, प्रमोद गुर्वे, संदीप खडसे, विट्ठल गुर्वे, माधव गुर्वे सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version