अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

सड़क सुरक्षा अभियान में पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने विद्यार्थियों को किया जागरूक | New India Times

विधानसभा क्षेत्र 305 इटवा के विकासखंड खुनियांव के अंतर्गत भिलौरी स्थित रामऔतार मेमोरियल पब्लिक स्कूल में सेवा संकल्प अभियान के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पार्टी द्वारा आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत परिवहन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने हेतु प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर डॉ. सतीश द्विवेदी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। यातायात नियमों का पालन करके न केवल हम अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं, बल्कि दूसरों के जीवन को भी सुरक्षित रख सकते हैं।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे अपने जीवन में सड़क सुरक्षा के नियमों को अपनाएं और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करना, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करना बेहद आवश्यक है। नाबालिगों को वाहन न चलाने देने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने पर भी विशेष जोर दिया।

डॉ. द्विवेदी ने कहा कि बच्चों और युवाओं में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करना सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य भी जनभागीदारी के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना और जनहित से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक करना है।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने और दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष विकास पांडेय, वरिष्ठ भाजपा नेता राजन पांडेय, आनंद शुक्ला, हकीमुल्ला चौधरी और आशीष त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version