रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के फुट तालाब में प्रसिद्ध गरबों की धूम रहेगी। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दिल्ली, अहमदाबाद, बड़ौदा और इंदौर के अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के साथ स्थानीय लोग भी गरबा खेलकर मां की आराधना करेंगे। आयोजन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
प्रसिद्ध धाम श्री वनेश्वर मारुति नंदन कुटीर हनुमान मंदिर पर आयोजित होने वाले मध्य प्रदेश के सबसे चर्चित नवरात्रि गरबा महोत्सव को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
मां के भक्तों और आयोजन समिति में अपार उत्साह है। समिति के वरिष्ठ सदस्य और मध्य प्रदेश के लोकप्रिय समाजसेवी सुरेश चंद पूरणमल जैन पप्पू भैया, राजेश रिंकू जैन, जैकी जैन और मंदिर के महंत दिलीपदास महाराज ने बताया कि आयोजन को भव्य बनाने के लिए पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। इसमें प्रमुख रूप से 5 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था, विद्युत सज्जा और मंदिर में आकर्षक श्रृंगार किया गया है। इस बार दिल्ली, अहमदाबाद, बड़ौदा और इंदौर के साथ स्थानीय गरबा दल भी मां की आराधना के लिए पहुंचेंगे।
गुजरात के प्रसिद्ध गरबा गायक भी आएंगे
शाम को शुभ मुहूर्त में विद्वान पंडितों के मंत्रोच्चार के साथ मां की घट स्थापना होगी।
भक्ति से परिपूर्ण फुट तालाब के नवरात्रि महोत्सव में विशेष रूप से महिलाओं एवं पुरुषों के बैठने के लिए भव्य पंडाल बनाया गया है। साथ ही, स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा प्रशासन के साथ समन्वय कर सभी की सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
बाहर से आए कलाकारों द्वारा मंच के साथ-साथ गरबा प्रांगण में आकर्षक और मनोहारी विद्युत सज्जा की गई है।
आयोजन समिति के महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या श्रीमती सीमा सुरेश जैन, श्रीमती नीता राजेश जैन, पूजा जैन, पूर्वा जैन, बिन्नी और अंतिमबाला जैन ने बताया कि फुट तालाब में श्रीरामभक्त हनुमान जी की प्रतिमा का आकर्षक चोला श्रृंगार भी किया गया है। साथ ही, प्रतिदिन उनकी महाआरती भी की जाएगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, नगर और जिले के गणमान्य नागरिकों के साथ मातृशक्ति की आस्था से ओतप्रोत उपस्थिति रहेगी। प्रतिदिन शाम 8 बजे मां की महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात मध्य प्रदेश के इस गौरवशाली आयोजन का श्रीगणेश मां के गरबों के साथ होगा।
आयोजन समिति के युवा मंडल के सदस्य जैकी जैन ने बताया कि श्रेष्ठ गरबा करने वाले समूहों को प्रोत्साहन पुरस्कार भी दिए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि इस आयोजन में प्रतिवर्ष जिले के राणापुर, सारंगी, पेटलावद, थांदला और झाबुआ के साथ-साथ आसपास के आलीराजपुर, उज्जैन, बदनावर तथा गुजरात और राजस्थान से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।
श्री जैन ने जिले और प्रदेश की धर्मप्रेमी जनता से इस आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।
