साबिर खान, वसई-विरार/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

पेल्हार पुलिस ने निर्माण व्यवसायी का अपहरण कर पिस्तौल का भय दिखाते हुए 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कार, फर्जी नंबर प्लेट तथा शिकायतकर्ता से लूटी गई नकदी और सोने के आभूषण समेत कुल करीब 40.75 लाख रुपये का मुद्देमाल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर 2026 को आरोपी रोहित और उसके दो साथियों ने निर्माण व्यवसायी को साइट पर गाड़ी बेचने का झांसा देकर नालासोपारा पूर्व स्थित एक होटल के पास बुलाया। वहां आरोपियों ने व्यवसायी को जबरन अपनी काली रंग की कार में बैठाया और रिवॉल्वर का भय दिखाकर उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए सुरक्षित छोड़ने के बदले 10 लाख रुपये नकद तथा उसके पास मौजूद सोने के आभूषण बतौर फिरौती ले लिए।
पीड़ित की शिकायत पर पेल्हार पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 843/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(2), 308(5), 351(2), 351(3) तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 3, 25 और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135(3) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अपराध प्रकटीकरण कक्ष-3, विरार की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी एवं गोपनीय जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। कार्रवाई करते हुए रोहित सुभाष जांगिड़ (27) और वंश शिवकुमार गुप्ता उर्फ सोनू (21) को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई कार, फर्जी नंबर प्लेट, शिकायतकर्ता से ली गई 10 लाख रुपये नकद राशि तथा 71.04 ग्राम वजन के सोने के आभूषण बरामद किए गए। बरामद मुद्देमाल की कुल कीमत करीब 40 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पेल्हार पुलिस थाने के सुपुर्द किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त संजय शिंदे, पुलिस उपायुक्त संदीप डोईफोडे तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अपराध प्रकटीकरण कक्ष-3 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक नितीन पाटील और उनकी टीम ने की। अभियान में पुलिस निरीक्षक समीर शेख सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा साइबर पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
