पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (मप्र), NIT:

अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनावर पुलिस ने ग्राम उकाला में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग खेतों से गांजे के 229 हरे पौधे जब्त किए हैं। जब्त गांजे का कुल वजन करीब 170 किलोग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य करीब 20 लाख रुपये बताया गया है। कार्रवाई के दौरान तीनों खेत मालिक मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी मनावर दीपांशु (आईपीएस) के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मनावर थाना क्षेत्र में खेतों में अवैध रूप से गांजे की खेती किए जाने की सूचना पर पुलिस टीम द्वारा लगातार सूचनाएं एकत्र की जा रही थीं।
4 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम उकाला, चौकी उमरबन क्षेत्र में तीन अलग-अलग खेतों में कपास एवं गराडू की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाए गए हैं। सूचना की पुष्टि होने पर थाना प्रभारी मनावर निरीक्षक राजेश यादव के नेतृत्व में तीन अलग-अलग पुलिस टीमों ने एक साथ खेतों में दबिश दी।
पुलिस ने तेरसिंह पिता किडिया डामोर के कपास के खेत से 29 गांजे के पौधे, करीब 91 किलोग्राम; कैलाश पिता कुका के कपास के खेत से 90 पौधे, करीब 12 किलोग्राम तथा वीरसिंह पिता दौला के गराडू के खेत से 110 पौधे, करीब 67 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इस तरह कुल 229 पौधे और करीब 170 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
मामले में थाना मनावर में अपराध क्रमांक 692/26, 694/26 एवं 696/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। आरोपी तेरसिंह, कैलाश और वीरसिंह निवासी उकाला फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। गिरफ्तारी के बाद गांजे की खेती, उत्पादन और संभावित सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
