अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

थाना कठेला समय माता परिसर में आगामी त्योहार दुर्गापूजा, धनतेरस, दीपावली एवं लक्ष्मी पूजा के दृष्टिगत पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा स्थापित करने वाले आयोजकों, गांव के संभ्रांत व्यक्तियों एवं डीजे संचालकों की उपस्थिति रही।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश के क्रम में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर श्री प्रशान्त कुमार प्रसाद के कुशल पर्यवेक्षण तथा उप जिलाधिकारी इटवा श्री संदीप कुमार प्रसाद एवं क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ श्री मयंक द्विवेदी के कुशल निर्देशन में यह बैठक आयोजित की गई।

थानाध्यक्ष थाना कठेला समय माता श्री नारायण लाल श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित बैठक में सभी प्रतिमा आयोजकों को शासन एवं उच्चाधिकारियों द्वारा जारी आदेशों एवं निर्देशों से अवगत कराया गया। साथ ही आगामी धनतेरस, दीपावली एवं लक्ष्मी पूजा सहित सभी त्योहारों को शांतिपूर्वक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस ने सभी से अपील की कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखें, ताकि किसी भी प्रकार के विवाद या अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
