मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
शाहजहांपुर में नदियों का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन अलर्ट मोड पर है। 29 सितंबर की सुबह 8 बजे के आंकड़ों के मुताबिक रामगंगा नदी डबरी घाट पर खतरे के निशान से 31 सेंटीमीटर और खन्नौत नदी लोदीपुर पुल पर 30 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 26 सितंबर की शाम नदियों में अधिकतम करीब 18 हजार क्यूसेक पानी पहुंचा था, जिसका असर कम होने में करीब 72 घंटे लगते हैं। फिलहाल अगले 24 घंटे तक जलस्तर लगभग इसी स्थिति में रहने की संभावना है। पानी बढ़ने की स्थिति में भी करीब 10 से 15 सेंटीमीटर तक ही बढ़ोतरी की उम्मीद है।
डीएम ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं। चिन्हित स्थानों पर अधिकारी-कर्मचारी लगातार निगरानी कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर लोगों को रेस्क्यू कर शेल्टर होम और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
बारिश और बाढ़ से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है। डीएम ने कहा कि नियमों के अनुसार पात्र किसानों को क्षति का मुआवजा दिलाया जाएगा।
