अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

नेपाल के गंडक नदी के जल अधिग्रहण क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में सामान्य से अधिक बारिश होने के कारण वाल्मीकिनगर बराज पर जलश्राव बढ़ रहा है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि 27 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे वाल्मीकिनगर बराज पर 4,24,000 क्यूसेक जलश्राव दर्ज किया गया, जिसकी प्रवृत्ति बढ़ने की है।
उन्होंने बताया कि बराज से करीब 80 किलोमीटर ऊपर नेपाल के देवघाट गेज स्थल पर दर्ज जलस्तर के आधार पर शाम तक वाल्मीकिनगर बराज पर करीब पांच लाख क्यूसेक या उससे अधिक जलश्राव पहुंचने की संभावना है। हालांकि, यह वर्ष 2024 में दर्ज अधिकतम 5,62,500 क्यूसेक जलश्राव से कम रहने की संभावना है।
स्थिति को देखते हुए सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों और अभियंताओं को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने तथा लगातार निगरानी और चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। गंडक नदी के दोनों तटबंधों पर बेहतर पर्यवेक्षण के लिए अतिरिक्त अभियंताओं की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चौधरी ने कहा कि फिलहाल गंगा नदी का जलस्तर कम रहने के कारण गंडक के पानी की निकासी गंगा में सुचारू रूप से हो रही है। इससे व्यापक जलजमाव या गंभीर बाढ़ का खतरा फिलहाल नहीं दिख रहा है। हालांकि, प्राकृतिक परिस्थितियों का शत-प्रतिशत पूर्वानुमान संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क और सजग रहें।
