मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार को जनपद के विभिन्न बाढ़ एवं जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने हनुमत धाम स्थित खन्नौत नदी, ककरा पुल और अजीजगंज क्षेत्र में गर्रा नदी के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया। अधिकारियों ने आगामी तीन दिनों में जलस्तर बढ़ने की संभावना जताई। इस पर डीएम ने राहत एवं बचाव की सभी व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने पुवायां तहसील के इनायतपुर, गंगसरा, खुटार और अटकोना सहित कई क्षेत्रों में अतिवृष्टि एवं फसल क्षति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का वास्तविक आकलन कर फसल क्षति का नियमानुसार सर्वे कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ और अतिवृष्टि की स्थिति में जनहानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से नदियों, नालों और जलभराव वाले निचले इलाकों में जाने से बचने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, उप जिलाधिकारी पुवायां, तहसीलदार पुवायां सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
