‘मन की बात’ जनभागीदारी, सकारात्मक प्रयासों और राष्ट्र निर्माण को नई ऊर्जा देने वाला सशक्त माध्यम : अर्चना चिटनिस | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

‘मन की बात’ जनभागीदारी, सकारात्मक प्रयासों और राष्ट्र निर्माण को नई ऊर्जा देने वाला सशक्त माध्यम : अर्चना चिटनिस | New India Times

विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने रविवार को बुरहानपुर नगर के इंदिरा कॉलोनी वार्ड स्थित सीके ग्रीन कॉलोनी के बूथ क्रमांक 256 पर स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का श्रवण किया।

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से स्वच्छता को केवल एक अभियान के रूप में नहीं, बल्कि जनभागीदारी और जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का संदेश दिया है। स्वच्छ भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाए और अपने आसपास स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं द्वारा किए जा रहे प्रयास यह बताते हैं कि जब समाज किसी संकल्प के साथ आगे बढ़ता है, तो बड़े सकारात्मक परिवर्तन संभव होते हैं। छोटे-छोटे प्रयास मिलकर स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर भारत के निर्माण की मजबूत नींव रखते हैं।

श्रीमती चिटनिस ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल प्रधानमंत्री का देशवासियों से संवाद नहीं है, बल्कि यह देश के कोने-कोने में हो रहे सकारात्मक जनप्रयासों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने वाली अभूतपूर्व पहल है। प्रधानमंत्री सामान्य नागरिकों के ऐसे प्रयासों को देश के सामने रखते हैं, जिनसे समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, पोषण, खेल, नशामुक्ति, स्थानीय उत्पादों और भारतीय संस्कृति जैसे विषयों के माध्यम से प्रधानमंत्री देशवासियों को सेवा, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जोड़ रहे हैं।

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता को बुरहानपुर में भी व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। घर, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी, कचरे का उचित प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को व्यवहार में उतारना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सेवा और स्वच्छता के कार्यों में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता हो, यही प्रधानमंत्री जी के जनभागीदारी के संदेश की वास्तविक भावना है। स्वच्छ बुरहानपुर और स्वच्छ भारत के संकल्प को मजबूत करने के लिए हम सभी को अपने स्तर पर निरंतर प्रयास करना चाहिए।

श्रीमती चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को सकारात्मक सोच, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री के विचारों एवं प्रेरक संवाद को कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ सुनना सदैव ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी अनुभव रहता है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ हमें यह संदेश देती है कि राष्ट्र निर्माण की यात्रा में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। सामूहिक संकल्प और जनभागीदारी से ही विकसित, स्वच्छ, स्वस्थ और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को गति मिलेगी।

इस दौरान पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं सहित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version