अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव डॉ. राजन रिजवी एडवोकेट पर एक महिला बैंककर्मी को कथित तौर पर अश्लील व्हाट्सएप संदेश भेजने और राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर आईएएस बनवाने का झांसा देने का आरोप लगा है। महिला की शिकायत पर मथुरा के कोतवाली थाने में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, महिला बैंककर्मी की मुलाकात राजन रिजवी से बैंक में हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने महिला का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और बाद में व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक एवं अश्लील संदेश भेजने लगे। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि सपा नेता ने अपनी राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए कहा कि उनकी ‘भैया जी’ से सीधी बातचीत है और सिफारिश के जरिए उसे डेपुटेशन पर आईएएस बनवाया जा सकता है।
आरोप है कि इस तरह का प्रलोभन देकर महिला पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
कोतवाली प्रभारी विनोद बाबू मिश्रा के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का मोबाइल बंद है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
बताया गया है कि राजन रिजवी मथुरा के फैज-ए-आम कॉलेज में बने एक फ्लैट में रहते थे और कॉलेज में प्रोफेसर भी रहे हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामला सामने आने के बाद आरोपी पक्ष से उनका बयान जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कई बार फोन करने के बावजूद उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
