अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2027 के लिए मेहरम श्रेणी के तहत 500 हज सीटों के आवंटन की घोषणा की है। कमेटी की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार, ऐसी पात्र महिला हज यात्रियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जो पहले आवेदन नहीं कर सकीं और अब मेहरम श्रेणी के तहत हज यात्रा करना चाहती हैं।
जारी आदेश के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन 23 सितंबर 2026 से शुरू होकर 7 अक्टूबर 2026 तक किए जा सकेंगे। आवेदन केवल हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
इस श्रेणी के लिए महिला आवेदक का इससे पहले हज कमेटी ऑफ इंडिया, हज ग्रुप ऑर्गनाइजर (HGO) अथवा किसी अन्य माध्यम से हज कर चुके होना मान्य नहीं होगा। आवेदक को हज-2027 के लिए निर्धारित अन्य सभी पात्रता शर्तें भी पूरी करनी होंगी।

आवेदक के पास मशीन रीडेबल वैध भारतीय अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट होना जरूरी है, जो ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि तक वैध हो तथा 31 दिसंबर 2027 तक वैध रहना चाहिए। आवेदन के साथ पासपोर्ट के प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ, हालिया पासपोर्ट साइज फोटो, पते का प्रमाण और मेहरम के साथ रिश्ते को प्रमाणित करने वाला वैध दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा।
हज कमेटी ने स्पष्ट किया है कि जिन आवेदकों ने हज-2027 के लिए पहले ही आवेदन कर दिया है और जिनके कवर नंबर जारी हो चुके हैं, वे इस मेहरम श्रेणी में दोबारा आवेदन नहीं कर सकेंगे। वहीं, एक कवर में अधिकतम पांच हज यात्रियों को शामिल किया जा सकता है।
यदि 500 सीटों की उपलब्ध संख्या से अधिक पात्र आवेदन प्राप्त होते हैं, तो सीटों का आवंटन डिजिटल रैंडम चयन (कुर्रा) के माध्यम से किया जाएगा।
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने सभी राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों की हज कमेटियों से इस सर्कुलर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र महिला आवेदकों को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। राज्य हज कमेटियों को आवेदनों की जांच 12 अक्टूबर 2026 तक पूरी करने के लिए कहा गया है।
