आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:

बुढ़वा मंगल के पावन पर्व पर भिंड जिले के प्रसिद्ध धार्मिक धाम श्री रावतपुरा सरकार में संकट मोचन रावतपुरा सरकार के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले भक्त भगवान के दिव्य दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
रावतपुरा सरकार धाम में भगवान का आकर्षक फूलों से श्रृंगार किया गया है। भव्य सजावट के बीच भगवान के दिव्य दर्शन कर श्रद्धालु भक्तिमय नजर आ रहे हैं। साथ ही बड़ी संख्या में भक्तों ने श्री रामराजा सरकार के भी दर्शन किए।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था की गई है। पुलिस बल की मुस्तैदी से श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारु बना हुआ है। व्यवस्था से प्रसन्न भक्त पुलिस प्रशासन के इंतजामों की सराहना करते नजर आ रहे हैं।
रावतपुरा धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही बनी हुई है और पूरा परिसर जय श्री राम एवं जय बजरंगबली के जयकारों से गूंज रहा है।
