मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज, शाहजहांपुर पहुंचकर परिसर में चल रहे जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न कक्षों एवं परिसर में कराए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और कार्ययोजना की जानकारी ली।
कॉलेज में जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल 235.61 लाख रुपये की लागत का प्रावधान किया गया है। इसमें रिपेयरिंग एवं रेनोवेशन, सिविल वर्क, गेट, सीसी रोड, इलेक्ट्रिकल कार्य सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से और तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। निरीक्षण के दौरान कॉलेज के प्रधानाचार्य, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
