जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:
हुजूर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा मुस्लिम महिलाओं को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान के खिलाफ राजधानी भोपाल में विरोध दर्ज कराया गया। मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजनों और स्थानीय नागरिकों ने बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत को पोस्टकार्ड एवं शिकायती पत्र के माध्यम से शिकायत भेजी। शिकायत में विधायक के कथित बयानों को महिलाओं की गरिमा और सामाजिक सौहार्द के प्रतिकूल बताते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
‘सबका साथ, सबका विकास’ के नारे का दिया हवाला
शिकायतकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार मुस्लिम महिलाओं के सम्मान, अधिकार और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की बात करते हैं, लेकिन उनकी ही पार्टी के एक विधायक द्वारा महिलाओं को लेकर कथित रूप से अमर्यादित टिप्पणी किया जाना गंभीर विषय है। गरबा आयोजन को लेकर विधायक द्वारा दिए गए कथित बयान—“मुस्लिम अपनी बहनों को साथ लाएं, हमारे घोड़े तैयार हैं”—का हवाला देते हुए समाज के लोगों ने कहा कि इस तरह की भाषा से महिलाओं के सम्मान और सामाजिक सौहार्द पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
शिकायत में यह भी कहा गया कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत सामाजिक समरसता और सद्भाव की बात करते रहे हैं। ऐसे में भाजपा और संघ के शीर्ष नेतृत्व को ऐसे बयानों पर संज्ञान लेकर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
पुराने बयानों का भी किया उल्लेख
शिकायत पत्र में रामेश्वर शर्मा के पूर्व में दिए गए कथित विवादित बयानों का भी उल्लेख किया गया। प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी विधायक द्वारा मुस्लिम बहुल क्षेत्र काजी कैंप को लेकर कथित रूप से मिसाइल दागने जैसी टिप्पणी की गई थी। प्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से सामाजिक तनाव बढ़ने की आशंका रहती है, इसलिए संगठन स्तर पर इस मामले में संज्ञान लिया जाना चाहिए।
आगामी चुनाव में टिकट नहीं देने की मांग
मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मांग की कि पार्टी ऐसे बयानों पर सख्त कार्रवाई करे। प्रतिनिधियों ने आगामी चुनाव में रामेश्वर शर्मा को टिकट नहीं देने की भी मांग उठाई। इस दौरान पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का उदाहरण देते हुए प्रतिनिधियों ने कहा कि पार्टी को सामाजिक सौहार्द से जुड़े मामलों में स्पष्ट संदेश देना चाहिए।
ये लोग रहे उपस्थित
डाक विभाग के माध्यम से पोस्टकार्ड एवं शिकायती पत्र भेजने के दौरान प्रमुख रूप से मो. शावर, जिला मुजाहिद सिद्दीकी, मो. हारून, नजीर खान, सबीहा नजीर, तालिब अली, अंकित साहू, इशरत बानो, सुनील यादव, राम नरेश प्रजापति, अनिल सिंह ठाकुर और आदिल कुरैशी सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।
