त्रिवेंद्र जाट, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

नगर पालिका परिषद देवरी के पृथ्वी वार्ड में प्रकाश यादव के घर से लेकर के.एल. ठाकुर मासाब के घर तक का रास्ता लंबे समय से कीचड़ की समस्या से जूझ रहा है। सड़क निर्माण नहीं होने के कारण यहां रहने वाले करीब 10 से 12 परिवारों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रहवासियों के अनुसार करीब 150 फीट लंबा यह रास्ता बारिश के मौसम में अत्यधिक कीचड़युक्त हो जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। वार्डवासी बब्बू तिवारी ने बताया कि रास्ते की समस्या को लेकर नगर पालिका में कई बार लिखित आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ है। जनसुनवाई में भी इस समस्या को लेकर आवेदन दिया गया था, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हो सका।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए पूर्व मंत्री हर्ष यादव के मार्गदर्शन में युवक कांग्रेस देवरी नगर अध्यक्ष सचिन नामदेव के नेतृत्व में वार्डवासियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष के नाम सब इंजीनियर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उक्त कीचड़ग्रस्त रास्ते पर सीसी सड़क निर्माण कराने की मांग की गई।
युवक कांग्रेस देवरी नगर अध्यक्ष सचिन नामदेव ने कहा कि यह सड़क बेहद कीचड़ग्रस्त है, जिससे यहां से निकलना काफी मुश्किल हो रहा है। सड़क निर्माण को लेकर पूर्व में भी आवेदन दिए गए हैं और जनसुनवाई में भी समस्या रखी गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। आज वार्डवासियों के साथ पुनः नगर पालिका में ज्ञापन सौंपा गया है। यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वार्डवासियों के साथ आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ेगा।
वार्डवासियों ने बताया कि सड़क बनने से यहां निवासरत परिवारों को वर्षभर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी और बारिश के दौरान होने वाली परेशानी से भी राहत मिलेगी। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत कराने की मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में भगवत शरण तिवारी, नरेंद्र सोनी, दुर्गेश यादव, बब्बू तिवारी, अशोक यादव, खेमा जाटव, नेहा नामदेव, कुंजी लाल ठाकुर, उर्मिला, सविता, ईशा यादव सहित बड़ी संख्या में वार्ड के पुरुष एवं महिलाएं शामिल रहे।
